कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने धान खरीदी केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण

Nov 18, 2025 - 18:39
कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने धान खरीदी केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण
CG VARTA -

जगदलपुर 18 नवंबर 2025/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने मंगलवार को बस्तर जिले के अंतर्गत जगदलपुर एवं तोकापाल विकासखंड के पल्ली और करंजी धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर किसानों को टोकन प्रदाय सहित तौल की व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता,पेयजल एवं शौचालय इत्यादि की व्यवस्था का संज्ञान लिया और किसानों से धान खरीदी हेतु सभी आवश्यक सुविधा मुहैया करवाने के निर्देश दिए।

 इस दौरान उन्होंने धान बेचने आये किसानों से भी रूबरू होकर धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। इस मौके पर पल्ली धान खरीदी केन्द्र में अवगत कराया गया कि यहां पर अब तक 39 किसानों द्वारा 496 क्विंटल धान विक्रय किए जाने टोकन कटवाया गया है। यहां पर मंगलवार को तीन किसानों ने धान बेचने के लिए टोकन कटवाया था जिसमें से एक किसान ने 54 क्विंटल 40 किलोग्राम धान विक्रय किया। इस धान खरीदी केन्द्र में पर्याप्त बारदाने सहित इलेक्ट्रॉनिक तौल की व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, डनेज की व्यवस्था उपलब्ध है।

 कमिश्नर ने करंजी धान खरीदी केन्द्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और धान विक्रय करने वाले किसानों को सभी सहूलियत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इन दोनों धान खरीदी केन्द्रों पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा सहकारी समिति के नवीन कैडर कर्मचारियों को धान खरीदी की जिम्मेदारी दी गई है, साथ ही धान खरीदी की नियमित मॉनिटरिंग हेतु राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।

जय 91 977000000 जय के एक समर्पित और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो क्षेत्र के हर महत्वपूर्ण कार्य पर गहराई से नज़र रखकर सच्ची और जिम्मेदार खबरें प्रस्तुत करते हैं।