बस्तर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल: 26 दिसंबर को 'ग्रीन पैकेजिंग' पर होगी कार्यशाला

Dec 23, 2025 - 21:11
बस्तर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल: 26 दिसंबर को 'ग्रीन पैकेजिंग' पर होगी कार्यशाला
CG VARTA -

जगदलपुर, 23 दिसम्बर 2025/ बस्तर जिले में उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों को पर्यावरण के अनुकूल आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में आगामी 26 दिसंबर को जगदलपुर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के प्रेरणा हॉल में प्रातः 10 बजे से 'ग्रीन पैकेजिंग' विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। राइजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस योजना के तहत आयोजित हो रही इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग और स्वयं सहायता समूहों को प्लास्टिक मुक्त पैकेजिंग के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

        इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में मार्गदर्शन देने के लिए भारतीय गुणवत्ता परिषद और सिपेट रायपुर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ राइजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस के संचालक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। ये विशेषज्ञ उपस्थित उद्यमियों को विस्तार से बताएंगे कि ग्रीन पैकेजिंग अपनाने के क्या लाभ हैं और किस प्रकार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रियों का उपयोग करके कम लागत में इको-फ्रेंडली पैकेजिंग तैयार की जा सकती है। कार्यशाला में ग्रीन पैकेजिंग को अपनाने के तरीकों और तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी, ताकि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में एक नई और बेहतर पहचान मिल सके।

              प्रशासन का मानना है कि ग्रीन पैकेजिंग को अपनाने से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, बल्कि बस्तर के उत्पादों की गुणवत्ता और ब्रांडिंग में भी सुधार होगा। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आयोजकों ने जिले के सभी स्व-सहायता समूहों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों से इस कार्यशाला में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने का आह्वान किया है।

जय 91 977000000 जय के एक समर्पित और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो क्षेत्र के हर महत्वपूर्ण कार्य पर गहराई से नज़र रखकर सच्ची और जिम्मेदार खबरें प्रस्तुत करते हैं।