रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले बस्तर सांसद– महेश कश्यप

बस्तर में रेल सुविधाओं के विस्तार हेतु वंदे भारत व जनशताब्दी ट्रेनों और स्वीकृत रेल की कार्य तेजी की मांग

Dec 12, 2025 - 14:14
Dec 12, 2025 - 14:23
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले बस्तर सांसद– महेश कश्यप
CG VARTA -

12 दिसम्बर 2025 बस्तर/जगदलपुर: –बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने और जनजातीय बहुल क्षेत्रों को देश की मुख्यधारा से जोड़ने हेतु बस्तर सांसद महेश कश्यप ने राजधानी नई दिल्ली में केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने बस्तर की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को प्रखरता से रखते हुए वंदे भारत,जनशताब्दी ट्रेन सहित नई ट्रेनों के संचालन और स्वीकृत चार नई रेललाइनों,रावघाट से जगदलपुर लाइन के शीघ्र पूर्णता,ओडिशा के कोरापुट मलकानगिरी भद्राचलम लाइन को सुकमा से जोड़ने व कार्य प्रगति की गति तेज करने सहित रेल परियोजनाओं का नाम जनजाति गौरव बस्तर कॉरिडोर की शीघ्र घोषणा करने मांग रखी l

   सांसद कश्यप ने रेल मंत्री के समक्ष निम्न प्रमुख मांगें रखीं,जिनमें 

1. जगदलपुर से विशाखापट्टनम वंदे भारत ट्रेन :जगदलपुर बस्तर संभाग का मुख्यालय है, जहां व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। नगरनार में स्थापित नवरत्न कंपनी का अत्याधुनिक स्टील प्लांट इस क्षेत्र को औद्योगिक दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण बनाता है। विशाखापट्टनम व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन के लिहाज़ से जगदलपुर का प्राकृतिक सहयोगी शहर है। अतः इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन से नागरिकों को त्वरित, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।

2. जगदलपुर से भुवनेश्वर वंदे भारत ट्रेन : भुवनेश्वर धार्मिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है। विशेष रूप से श्री जगन्नाथ धाम के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बस्तर से यात्रा करते हैं। वर्तमान में यह यात्रा लगभग 16 घंटे लेती है, जबकि वंदे भारत के संचालन से इसे 7 से 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। यह यात्रा को अत्यंत सुगम बनाएगा और बहुमूल्य समय की बचत होगी l

3. जगदलपुर से राउरकेला वंदे भारत ट्रेन : राउरकेला जंक्शन तक पहुंचने के लिए वर्तमान विकल्प समयसाध्य व सीमित हैं। इस मार्ग पर वंदे भारत के संचालन से बस्तर के नागरिकों, व्यवसायियों और छात्रों को त्वरित कनेक्टिविटी का बड़ा लाभ मिलेगा।

4. जगदलपुर से रायगढ़ जन शताब्दी ट्रेन: छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख शहर जगदलपुर और रायगढ़ के बीच जन शताब्दी सेवा शुरू होने से व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, शिक्षा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे तथा राज्य की आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

      सांसद महेश कश्यप ने रेल मंत्री से आग्रह कर उपरोक्त मांगें जनहित से सीधे जुड़ी हुई बताते हुए, इनके क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने की मांग रखी l 

    सांसद महेश कश्यप ने प्रेस को जारी बयान में कहा– बस्तर का सर्वांगीण विकास ही हमारा संकल्प है l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्र रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित भाजपा सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं,जिनकी संवेदनशील नेतृत्वशैली के कारण पहली बार बस्तर को चार यात्री सुविधाओं व कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात मिल चुकी हैl निश्चित ही केंद्र सरकार वर्तमान मांग वंदे भारत और जनशताब्दी ट्रेन की स्वीकृत प्रदान करने की दिशा में कार्य करेगी l जिससे बस्तर के विकास में व्यापक बदलाव होंगे l

जय 91 977000000 जय के एक समर्पित और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो क्षेत्र के हर महत्वपूर्ण कार्य पर गहराई से नज़र रखकर सच्ची और जिम्मेदार खबरें प्रस्तुत करते हैं।