"आपकी पूंजी आपका अधिकार" अभियान के तहत जगदलपुर में 3 करोड़ 40 लाख की दावा न की गई राशि का निपटान

Nov 22, 2025 - 16:27
"आपकी पूंजी आपका अधिकार" अभियान के तहत जगदलपुर में 3 करोड़ 40 लाख की दावा न की गई राशि का निपटान
CG VARTA -

जगदलपुर, 21 नवम्बर 2025/ भारत सरकार के वित्त मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार शुक्रवार 21 नवम्बर को जगदलपुर में नागरिकों की दावा न की गई वित्तीय संपत्तियों को उन तक पहुँचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला अग्रणी प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, जगदलपुर के तत्वावधान में डा० श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाउन हाल में सुबह 11.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक "आपकी पूंजी आपका अधिकार" अभियान के अंतर्गत एक विशाल आउटरीच और दावा सुविधा शिविर का आयोजन किया गया।

        इस राष्ट्रव्यापी पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, शासकीय विभागों और बीमा कंपनियों में जमा दावा न की गई जमा राशियों को प्राप्त करने हेतु आम जनता और शासकीय विभागों को जागरूक करना था। शिविर का सफल आयोजन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन के मुख्य आतिथ्य में किया गया, जिन्होंने इस जन-कल्याणकारी पहल की सराहना की।

 

     शिविर में भारतीय स्टेट बैंक, जगदलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री पुरूषोत्तक कौशिक, भारतीय रिजर्व बैंक, रायपुर के श्री नवीन तिवारी, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की,, भारतीय स्टेट बैंक, जगदलपुर के श्री वेद प्रकाश, छत्तीसगढ राज्य ग्रामीण बैंक, जगदलपुर, एवं अन्य बैंक व बीमा कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए।

      इस दौरान, विभिन्न बैंकों व बीमा कंपनियों के ग्राहक उपस्थित रहे, जिन्हें दावा न की गई वित्तीय संपत्तियों के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की गई और दावा करने की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। बैंकों द्वारा इस शिविर में अभी तक 123 प्रकरणों का त्वरित निपटान किया गया, जिनकी कुल राशि 3 करोड़ 40 लाख रुपए थी। शिविर की समाप्ति पर, लाभार्थियों को उनकी संबंधित बैंकों एवं बीमा कंपनियों के द्वारा जारी प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे यह अभियान जगदलपुर में एक बड़ी सफलता के रूप में दर्ज हुआ।

जय 91 977000000 जय के एक समर्पित और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो क्षेत्र के हर महत्वपूर्ण कार्य पर गहराई से नज़र रखकर सच्ची और जिम्मेदार खबरें प्रस्तुत करते हैं।